केल्हारी/एमसीबी। भारतीय जनता पार्टी मंडल केल्हारी के किसान मोर्चा अध्यक्ष गोविंद गुप्ता ने ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण’ (वीबीजी राम जी) योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए क्रांतिकारी बताया है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे जनता में जागरूकता बढ़ रही है, षड्यंत्र की राजनीति करने वाली कांग्रेस का जनाधार खत्म होता जा रहा है। आज का मतदाता केवल विकास और पारदर्शिता चाहता है।
125 दिन का मिलेगा रोजगार गोविंद गुप्ता ने योजना की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अब ग्रामीणों को 100 के स्थान पर 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा। इससे न केवल ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ेगी, बल्कि गांवों से होने वाले पलायन पर भी प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने दावा किया कि मजदूरी का भुगतान अब निर्धारित समय सीमा के भीतर सीधे श्रमिकों के खातों में होगा, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो जाएगी।
कांग्रेस पर साधा निशाना योजना के विरोध को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था और ‘फर्जी हाजिरी’ पर लगाम कसने से विपक्षी दल असहज है। भगवान राम के नाम से जुड़ी जनहितकारी योजना का विरोध करना कांग्रेस की नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।
संकल्प: भाजपा किसान मोर्चा इस योजना को बूथ स्तर तक ले जाने के लिए जन-जागरण अभियान चलाएगा। हमारा लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Spread the love