‘झोला वितरण’ विवाद पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का कांग्रेस पर तीखा पलटवार, कहा- निजी खर्च से बहनों का सम्मान करना गलत कैसे?
खड़गवां (एमसीबी)। जिले के खड़गवां में आयोजित मितानिन दिवस कार्यक्रम के बाद ‘झोला वितरण’ को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और गहरा गया है। सरकारी कार्यक्रम में मितानिनों को झोले बांटने के कांग्रेस के आरोपों पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्यामबिहारी जायसवाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला है।


निजी खर्च से दिया उपहार, सरकारी पैसा नहीं
कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए मंत्री जायसवाल ने स्पष्ट किया कि झोला और अन्य उपहार किसी सरकारी योजना या सरकारी कोष से नहीं बांटे गए हैं। उन्होंने कहा, “हमने कोई सरकारी पैसे से झोला नहीं बांटा है। यह हमारा झोला है, हमारा पैसा है और हमारा सामान है। जब सरकारी कार्यक्रम और सम्मान समारोह समाप्त हो गया, उसके बाद हमने अपनी ओर से मितानिन बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उपहार भेंट किए। हमारा झोला बंटा तो कांग्रेसियों को इतनी तकलीफ क्यों हो रही है?”


सम्मान के लिए विपक्ष से अनुमति की जरूरत नहीं
विपक्ष पर निशाना साधते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सवाल किया कि क्या अब अपनी ही बहनों का सम्मान करने और उन्हें उपहार देने के लिए भी कांग्रेस से पूछना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।


राजनीति के बजाय सेवा भाव देखे विपक्ष
मंत्री जायसवाल ने दो टूक कहा कि वे पहले भी मितानिन बहनों का सम्मान करते आए हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि विपक्ष को इस विषय पर सस्ती राजनीति करने के बजाय मितानिन बहनों के योगदान को देखना चाहिए। मंत्री के इस तीखे बयान के बाद अब जिले के सियासी गलियारों में इस मुद्दे पर बहस और तेज हो गई है।

Spread the love