बिलासपुर/मनेन्द्रगढ़:
कोल इण्डिया लिमिटेड (सीआईएल) और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) में कार्यरत हजारों ठेका श्रमिकों को परफॉर्मेंस लिंक्ड इन्सेन्टिव (पीएलआई) बोनस का पूरा लाभ दिलाने के लिए हिन्द मजदूर सभा (एचएमएस) ने प्रबंधन को पत्र लिखा है।

त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति (कोल इण्डिया) के सदस्य एवं हिन्द खदान मजदूर फेडरेशन के सहायक महामंत्री अख्तर जावेद उस्मानी ने एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (सीएमडी) को ज्ञापन सौंपकर दीपावली पूर्व पात्र ठेका मजदूरों की सूची सार्वजनिक करने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 3 अक्टूबर 2026 को हुए समझौते के तहत माइनिंग गतिविधियों में जुटे ठेका श्रमिकों को पीएलआई बोनस दिया जाना है।

सीआईएल में कुल 1,20,736 (61.21%) और एसईसीएल में 24,246 (66.517%) ठेका मजदूर नियोजित हैं। संगठन का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कितने श्रमिकों को इसका लाभ मिलेगा, इसकी स्पष्ट जानकारी प्रबंधन द्वारा प्रदर्शित नहीं की गई है।
उस्मानी ने मांग की है कि भुगतान ठेकेदारों की मर्जी पर न छोड़ा जाए। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और पारदर्शिता के लिए प्रत्येक खदान, इकाई व क्षेत्रीय कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रमाणित पात्र श्रमिकों की सूची चस्पा की जाए, ताकि कोई भी श्रमिक अपने अधिकार से वंचित न रहे।

