
इंदिरा पार्क बैकुंठपुर में बच्चों ने सीखा पर्यावरण संरक्षण का पाठ, खेलकूद और पिकनिक का भी उठाया भरपूर लुत्फ
मनेंद्रगढ़। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं ‘बाल दिवस’ के उपलक्ष्य में लिटिल मिलेनियम प्री-स्कूल, मनेंद्रगढ़ के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए इंदिरा पार्क, बैकुंठपुर में एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण व पिकनिक का आयोजन किया गया। इस भ्रमण में नर्सरी से लेकर केजी-2 तक के बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

खेल-खेल में जाना प्रकृति का महत्व……
भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर प्रकृति से रूबरू कराना था। पार्क की हरियाली के बीच शिक्षिकाओं ने बच्चों को विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों, रंग-बिरंगे फूलों और पर्यावरण संरक्षण की बारीकियों से अवगत कराया। शिक्षिकाओं ने सरल भाषा में समझाया कि पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं, इसलिए हमें कभी भी फूल-पत्तियों को तोड़कर नष्ट नहीं करना चाहिए, बल्कि उनकी देखभाल करनी चाहिए। बच्चों ने भी बड़ी जिज्ञासा के साथ प्रकृति के करीब रहकर कई नई बातें सीखीं।

मस्ती, खेलकूद और लजीज व्यंजनों का आनंद…..
शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के मनोरंजन और खान-पान का भी विशेष इंतजाम किया गया था। हरे-भरे मैदान में बच्चों ने स्कूल से लाए गए खिलौनों और अपने दोस्तों व शिक्षकों के साथ जमकर अठखेलियां और खेलकूद किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा को देखते हुए पौष्टिक नाश्ते, स्नैक्स, शुद्ध पेयजल और स्वादिष्ट दोपहर के भोजन की उत्तम व्यवस्था की गई थी, जिसका नन्हे-मुन्नों ने भरपूर आनंद उठाया।

बचपन से प्रकृति का सम्मान करना जरूरी: मो. फिरोज मंसूरी…..
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर मोहम्मद फिरोज मंसूरी ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को नई दिशा मिलती है और वे बचपन से ही प्रकृति से जुड़ना व उसका सम्मान करना सीखते हैं।

इस पूरे आयोजन को सफल और सुरक्षित बनाने में चीफ लर्निंग ऑफिसर (CLO) स्मृति गुप्ता, कोऑर्डिनेटर निशि विश्वकर्मा सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। दिनभर की मस्ती और यादगार अनुभवों के साथ सभी बच्चे सकुशल अपने घर लौटे।

