मनेंद्रगढ़/चिरमिरी/भरतपुर (MCB): ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत सिरौली में नवयुवक मंडल खेल समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का शुक्रवार को शानदार समापन हुआ। इस समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक गुलाब कमरो शामिल हुए, जिन्होंने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।
रोमांचक मुकाबलों में चिराईपानी और लकरापारा ने मारी बाजी
तीन दिनों तक चले इस खेल कुंभ में पुरुष और महिला वर्ग की कई टीमों ने अपना दमखम दिखाया।
पुरुष वर्ग: फाइनल मुकाबले में चिराईपानी की टीम ने अपने उत्कृष्ट रेडिंग और डिफेंस के दम पर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भौता की टीम उपविजेता (द्वितीय स्थान) रही।
महिला वर्ग: कड़े मुकाबले में लकरापारा की टीम प्रथम रही। वहीं, गोंडवाना फाइटर बेलकामार ने द्वितीय और नौगोई की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पारंपरिक खेलों ने बिखेरी ग्रामीण संस्कृति की छटा
प्रतियोगिता के दौरान केवल कबड्डी ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक खेल संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के लिए घड़ा फोड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, सूई-धागा दौड़ और 100-200 मीटर की दौड़ आयोजित की गई। साथ ही, सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिताओं ने दर्शकों का मन मोह लिया।


ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मंच और प्रोत्साहन की जरूरत है। खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं।”
गुलाब कमरो, पूर्व विधायक

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष शरण सिंह, पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन, परमेश्वर गुरुजी, अमोल सिंह मरावी, अमर सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा कोल, सरपंच मदन सिंह सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

Spread the love