एमसीबी, 11 अगस्त 2025 — उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री  विजय शर्मा ने सोमवार को सरगुजा कोऑर्डिनेशन सेंटर में सरगुजा रेंज अंतर्गत सभी पुलिस अधीक्षकों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने पुलिस तंत्र को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह बनाने के लिए कई सख्त निर्देश जारी किए।

मंत्री शर्मा ने स्पष्ट कहा, “जनता के मन में पुलिस के प्रति सम्मान और अपराधियों में कानून का भय होना चाहिए।” गंभीर अपराधों में दोष सिद्धि की दर बढ़ाने, मामलों की नियमित व वैज्ञानिक मॉनिटरिंग और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।



उन्होंने निर्देश दिए कि —

प्रत्येक पुलिस अधीक्षक महीने में कम से कम एक बार जिले के कॉलेज और स्कूलों का भ्रमण करें।

थानों में अनुशासन बनाए रखने के लिए एसपी, एसएसपी और डीएसपी साप्ताहिक परेड कराएं।

आम नागरिकों के साथ व्यवहार बेहतर और संवेदनशील हो।

मादक पदार्थ, जुआ और सट्टे के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए।


गृहमंत्री ने मानव तस्करी, महिलाओं-बच्चों के खिलाफ अपराध, अवैध हथियार और नशीले पदार्थों की तस्करी पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। एनडीपीएस मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन कर दोषियों को सजा दिलाने पर बल दिया गया।

उन्होंने अवैध शराब पर रोक, चिटफंड मामलों में निवेशकों को धनवापसी की कार्यवाही तेज करने, सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट सुधारने और यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की बात कही। इसके साथ ही स्कूल-कॉलेजों में ड्रग-फ्री कैंपस अभियान और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

साइबर क्राइम नियंत्रण, बीट प्रणाली की समीक्षा और ‘लेखकन ऐप’ के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने ग्राम सभाओं व जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से जनता को पुलिस से जोड़ने की बात कही।

बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह  मनोज पिंगुवा, आईजी पीएचक्यू  अजय यादव, आईजी सरगुजा  दीपक झा सहित रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे।


मंत्री शर्मा ने अंत में दोहराया — “हमारी पुलिस व्यवस्था की असली सफलता यही है कि अपराधी कानून से डरें और जनता को अपनी सुरक्षा का पूरा भरोसा हो।”

Spread the love