कलेक्टर रोक्तिमा यादव की बड़ी पहल: स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए कड़े निर्देश, संवेदनशीलता की मिसाल
कोरिया। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और मरीजों के लिए सुलभ बनाने के लिए कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने एक बार फिर अपनी प्रशासनिक कुशलता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। जिला स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं होगा। आकांक्षी विकासखंड बैकुंठपुर में स्वास्थ्य सूचकांकों को सुधारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव और ‘यू-विन’ पोर्टल पर शत-प्रतिशत टीकाकरण की प्रविष्टि एक सप्ताह में पूरी करने के कड़े निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्होंने साफ कर दिया कि काम में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम को अलर्ट रहने को कहा है। कुपोषण के खिलाफ जंग में उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग और मितानिनों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर कम वजन वाले बच्चों को तत्काल पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) में भर्ती कराने के निर्देश दिए।


बुजुर्गों के लिए आयुष्मान भारत वय वंदन योजना की प्रगति पर संतोष जताते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत नामांकन के लिए विशेष अभियान चलाने की बात कही। डॉक्टरों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और मानवीय व्यवहार रखने की उनकी हिदायत जनता के प्रति उनके सेवा भाव को दर्शाती है। कलेक्टर का यह रुख जिले के स्वास्थ्य ऊंचाइयों को छूने का भरोसा देता है।

Spread the love