
पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा
आज की खबर | कोरिया, 26 सितम्बर 2025
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने और यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
कोरिया कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि 01 अक्टूबर 2025 से जिले के किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं मिलेगा।
सभी पेट्रोल पंप संचालकों को अपने परिसर में साफ शब्दों में “नो हेलमेट – नो पेट्रोल” का बोर्ड लगाना होगा। आदेश का उल्लंघन करने पर संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हालाँकि, आकस्मिक चिकित्सा आपात स्थिति और धार्मिक पगड़ी पहनने वाले व्यक्तियों को इस नियम से छूट दी गई है।
यह आदेश पुलिस अधीक्षक के प्रस्ताव पर लिया गया है, जिसमें कहा गया था कि जागरूकता अभियान और जुर्माना लगाने के बावजूद जिले में दोपहिया दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह कदम जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

