
मनेंद्रगढ़/रायपुर, 15 अगस्त 2025।
कोरिया जिले के ट्रैफिक मैन के नाम से प्रसिद्ध नायक डॉ. महेश मिश्रा को यातायात जागरूकता और समाज सेवा के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए देश के सर्वोच्च सम्मान में शुमार “राष्ट्रपति गृह रक्षक एवं नागरिक सुरक्षा पदक – 2025” से सम्मानित किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने डॉ. मिश्रा को राष्ट्रपति की ओर से यह पदक प्रदान किया।

डॉ. मिश्रा पिछले दो दशकों से शासकीय ड्यूटी के साथ-साथ समाज सेवा को अपना जीवन समर्पित किए हुए हैं। उन्होंने स्वयं के खर्चे पर 500 से अधिक यातायात जागरूकता शिविर लगाए हैं। वाहन चालकों को नि:शुल्क चश्मा वितरण, शहर की सड़कों के गड्ढे भरना, दुर्घटनाग्रस्तों की सहायता करना, कुपोषित बच्चों को पोषण आहार उपलब्ध कराना तथा घुमंतु मवेशियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने के लिए उनके गले में रेडियम बांधने जैसे कार्य निरंतर करते रहे हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में भी डॉ. मिश्रा उत्कृष्ट उपलब्धियां रखते हैं। वे एम.ए. के तीन विषयों (संस्कृत, राजनीति और समाजशास्त्र) में गोल्ड मेडलिस्ट हैं और वर्तमान में “छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष परिप्रेक्ष्य में यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता” विषय पर पीएच.डी. स्कॉलर हैं।
अब तक डॉ. मिश्रा ने जिला, संभाग, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर करीब चार लाख से अधिक लोगों को ट्रैफिक नियमों की शिक्षा देकर जागरूक किया है।
राष्ट्रपति पदक मिलने पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा—
“यह सम्मान मेरा व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का है। मुझे निरंतर सहयोग देने वाले वरिष्ठ अधिकारियों और जिलेवासियों का आभार। आगे भी नई ऊर्जा और उत्साह के साथ यातायात जागरूकता अभियान जारी रहेगा।”
सम्मान की घोषणा के बाद डॉ. मिश्रा को बधाई देने वालों का तांता लग गया। उन्होंने सभी शुभचिंतकों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक सहयोग और मार्गदर्शन का परिणाम है।

FRSH STOCK
FRESH ARRIVAL
ONLY AVAILABLE AT K3
KAMAL UNIVERSE VIVEKANAND CHOWKE MANENDRAGARH
