
चनवारीडांड (MCB), 03 अगस्त 2025 –
MCB जिले के चनवारीडांड ग्राम पंचायत से निर्वाचित सरपंच सोनू किन्नर, सामाजिक समावेशन और नेतृत्व की एक जीवंत मिसाल बन चुकी हैं। राजनीति में विविधता और समान भागीदारी को लेकर जब सवाल उठते हैं, तो सोनू किन्नर का नाम स्वतः सामने आता है।
चुनाव जीतने के बाद से ही सोनू किन्नर ने भ्रष्टाचार-मुक्त पंचायत, स्वच्छता अभियान, और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए अनेक जनहितकारी योजनाओं के लिए प्रयास किया है। उनके साहसिक निर्णय और जनसेवा के प्रति समर्पण ने ग्रामीणों का विश्वास जीता है।
गांव के लोगों का कहना है कि सोनू किन्नर बदलाव की दिशा में वास्तविक पहल हैं – जो समाज को न केवल देखने का नजरिया बदल रही हैं, बल्कि बदलाव को नेतृत्व भी दे रही हैं।

चनवारीडांड पंचायत में 70 हितग्राहियों को मिला आवास, 400 लोगों का नाम सूची में
प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत चनवारीडांड ग्राम पंचायत में 70 पात्र हितग्राहियों को आवास स्वीकृत कर दिए गए हैं। पंचायत द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुल 400 लोगों की प्राथमिक सूची में नाम दर्ज हुए हैं, जिनमें से दस्तावेज सत्यापन और पात्रता के आधार पर पहले चरण में 70 लोगों को आवास निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है।
सरपंच सोनू किन्नर ने बताया कि सूची में शामिल शेष लोगों की जांच प्रक्रिया जारी है और आने वाले चरणों में पात्र लाभार्थियों को भी योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो रही है, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों तक सरकार की योजना पहुंचे।

पंचायत सचिव ने भी बताया कि संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है

गांव की कच्ची सड़क में लगातार हो रही बारिश के कारण कीचड़ और फिसलन से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह मार्ग न केवल दैनिक आवागमन बल्कि बच्चों के स्कूल और किसानों के खेत तक पहुँचने का मुख्य रास्ता था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ग्राम पंचायत की सरपंच सोनू किन्नर ने त्वरित निर्णय लेते हुए सड़क पर गिट्टी और डस्ट डलवाने का कार्य शुरू कराया। कुछ ही दिनों में सड़क की स्थिति में सुधार हुआ और लोगों को कीचड़ और फिसलन से राहत मिली।
ग्रामीणों ने सरपंच के इस त्वरित और जनहितकारी निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि सोनू किन्नर हमेशा ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनती हैं और उनके समाधान के लिए तुरंत कदम उठाती हैं।





