
एमसीबी/चिरमिरी।
नगर निगम क्षेत्र के छोटी बाजार मोहल्ले में गंदे पानी के कारण पीलिया फैलने की खबर से हड़कंप मच गया है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में अब तक 62 मरीजों में पीलिया की पुष्टि हुई है। इनमें से 50 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं,जबकि 12 मरीजों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
स्थिति गंभीर, अधिकारी मौके पर
जिला स्वास्थ्य प्रमुख डॉ. अविनाश खरे ने स्वयं प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंभीर मरीजों के घर जाकर जांच, सलाह और दवाएं दीं।
लोगों को उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई रखने और किसी भी लक्षण पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
रोकथाम के लिए उठाए गए कदम
घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां वितरित की जा रही हैं
मेडिकल कैंप स्थापित किया जाएगा
गंदे पानी की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए नगर निगम को पत्र लिखा गया है
स्वास्थ्य विभाग की नागरिकों से अपील
” बिना उबाले पानी का सेवन न करें। अगर आंखों में पीलापन, उल्टी, कमजोरी या बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें
जवाबदेही तय होनी चाहिए!
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवर और जल आपूर्ति की समस्या है। इस घटना के बाद अब नगर निगम की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।
यह सिर्फ बीमारी नहीं, व्यवस्था की चूक है। पीलिया रोकना है, तो साफ पानी और जवाबदेही दोनों जरूरी हैं।






