चिरमिरी /एम सी बी – क्षेत्र में पैर पसार रहे ‘सूखे नशे’ के अवैध कारोबार के खिलाफ चिरमिरी पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस महानिरीक्षक (सरगुजा रेंज) और पुलिस अधीक्षक (M.C.B.) के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर नशीले इंजेक्शन बेचने वाले दो सौदागरों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से नशीले इंजेक्शन, महंगे मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित कुल 1,43,000 रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।


दो अलग-अलग ठिकानों पर दबिश
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने 15 मार्च को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया:
पहली गिरफ्तारी: संभु चौक (छोटी बाजार) निवासी विवेक पटेल (27 वर्ष) को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 15 नग रेक्सोजेसिक और 15 नग अविल इंजेक्शन बरामद हुए। पुलिस ने उसके पास से 10 हजार रुपये का ओप्पो मोबाइल भी जप्त किया है।


दूसरी गिरफ्तारी: पुलिस ने हिरागीर निवासी विश्वास कुमार को गिरफ्तार किया। इसके पास से 18 नग रेक्सोजेसिक और 18 नग अविल इंजेक्शन मिले। आरोपी के पास से पुलिस ने 60,000 रुपये का आईफोन और 75,000 रुपये की मोटरसाइकिल भी बरामद की है।


कॉल डिटेल से खुलेगा नेटवर्क का राज
पुलिस के अनुसार, जप्त किए गए मोबाइल फोन इस काले कारोबार की रीढ़ साबित हो सकते हैं। पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप चैट के जरिए मुख्य सप्लायरों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों की कुंडली खंगाल रही है।

थाना प्रभारी विजय सिंह ने स्पष्ट किया है कि नशे के इस मकड़जाल में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नही जाएगा


“युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वालों के खिलाफ हमारी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जप्त मोबाइल के जरिए हम इस अवैध व्यापार की पूरी चेन तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।” > — पुलिस प्रशासन, चिरमिरी


कार्रवाई में शामिल टीम
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक विजय सिंह के साथ सउनि विपिन मिज, चित्रभान सिंह, नईम खान, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, अशोक एक्का, भगत सिंह, चंद्रसेन राजपूत, प्रमोद साहू और महिला आरक्षक राजेन्द्र कुमारी की सराहनीय भूमिका रही। दोनों आरोपियों पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Spread the love