सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सरिया गबन मामले में अब तक 4 आरोपी सलाखों के पीछे


सूरजपुर | संवाददाता औद्योगिक क्षेत्र नयनपुर से लाखों रुपये का सरिया गबन करने वाले गिरोह के खिलाफ सूरजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश में दबिश देकर मामले के फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे प्रकरण में पुलिस अब तक गबन की राशि से खरीदे गए ट्रकों सहित कुल 1 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्ति जप्त कर चुकी है।


क्या है मामला? नयनपुर निवासी अमित पाण्डेय ने 14 जनवरी 2026 को सूरजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म ‘यू.बी. वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड’ से ट्रक (क्रमांक UP 61 AT 2832) के चालक राहुल सिंह यादव ने 30 टन 160 किलो सरिया लोड किया था। यह माल उत्तर प्रदेश के भदौरी भेजा जाना था, लेकिन चालक ने रास्ते में ही 15 लाख 23 हजार 908 रुपये की सरिया गायब कर अमानत में खयानत की।


यूपी के मिर्जापुर से पकड़ा गया आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने विशेष टीम का गठन किया था। तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के विंध्याचल (जिला मिर्जापुर) में घेराबंदी कर आरोपी सुनील विश्वकर्मा (28 वर्ष), निवासी जौनपुर को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 16 मार्च को विधिवत गिरफ्तार किया गया।


अब तक की बड़ी बरामदगी पुलिस ने इस मामले में पूर्व में ही तीन आरोपियों—मनीष यादव, सूरज सोनी और मनीष सिंह परिहार को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने सरिया बेचकर प्राप्त हुई रकम से ट्रक खरीदे थे। पुलिस ने सरिया बिक्री की राशि से खरीदे गए ट्रक सहित कुल 2 अन्य ट्रक जप्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 50 लाख रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में शामिल टीम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी व सीएसपी बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विमलेश दुबे, एएसआई देवनाथ चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र पटेल और चन्द्रप्रकाश साहू ने इस सफल ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Spread the love