
कोरिया, 01 अगस्त 2025 | विशेष प्रतिनिधि
थाना बांगों क्षेत्र में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर वसूली करने वाले दो फर्जी आरोपियों को बैकुंठपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
प्रकरण 31 जुलाई की शाम का है जब कटघोरा, कोरबा निवासी जतिन साहू ने बांगों थाना में शिकायत दर्ज कराई कि वह मकान निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर और मिक्सचर मशीन लेकर पोड़ी उपरोड़ा पहुंचा था। काम के दौरान शाम 4:30 बजे के करीब एक क्रेटा वाहन (CG16CT0427) में सवार तीन अज्ञात लोग पहुंचे और खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कागजात दिखाने का दबाव बनाने लगे।
आरोपियों ने चालान की धमकी देकर ट्रैक्टर चालक यशवंत एवं प्रार्थी से ₹1000 की वसूली की और चोंटिया की ओर रवाना हो गए। शिकायत पर थाना बांगों में IPC की धारा 308(2) के तहत मामला दर्ज कर सरहदी क्षेत्रों में तत्काल नाकाबंदी की गई।
पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा बैकुंठपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विपिन लकड़ा के निर्देश पर टीम गठित कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। सउनि अदीप प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रआर दीपक पांडेय, आरक्षक महेन्द्रपुरी, आरक्षक अमरेशानंद (साइबर सेल) एवं चालक भगवान दास द्वारा भारी चौक के पास क्रेटा वाहन को घेरकर रोक लिया गया।
वाहन में मौजूद दो व्यक्तियों—जाहिद खान (35) और प्रकाश सिंह गोंड (31), दोनों निवासी न्यू लेदरी, झगराखाड़, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB)—को हिरासत में लिया गया। मौके पर क्रेटा वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
सूचना पर थाना बांगों की टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को कोरबा ले जाकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही से न केवल फर्जीवाड़ा करने वाले अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचे, बल्कि आमजन के मन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल भी मजबूत हुआ है।

