
* सुशासन तिहार के आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश

* खेती-किसानी के सीजन से पहले खाद-बीज की उपलब्धता और समितियों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा

बैकुंठपुर (कोरिया)।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) की बैठक में कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को पूरी तैयारी के साथ आने की हिदायत दी है। विभिन्न विभागों में लंबे समय से लंबित प्रकरणों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समय पर निराकरण नहीं होने की स्थिति में संबंधित विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी और अपर कलेक्टर डी.डी. मण्डावी सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
न्यायालयीन प्रकरणों और जनसमस्याओं पर गंभीरता बरतें
बैठक की शुरुआत राजस्व, वन, आदिम जाति विकास तथा पंचायत विभाग के लंबित मामलों की समीक्षा से हुई। कलेक्टर ने एसडीएम, जनपद सीईओ और एसडीओ (वन) को निर्देशित करते हुए कहा:…..
हाईकोर्ट के मामले: उच्च न्यायालय में लंबित प्रकरणों की पूरी जानकारी (विषय, अवधि, जवाब-दावा और निर्देश) अधिकारियों के पास होनी चाहिए। समय पर जवाब-दावा प्रस्तुत करें।
सुशासन तिहार: जनसमस्या निवारण शिविरों में सबसे ज्यादा आवेदन राजस्व विभाग के आए हैं। एसडीएम अन्य विभागों से समन्वय कर इनका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निराकरण कराएं।
अनावश्यक चक्कर न काटें ग्रामीण: पटवारी, आरआई, तहसीलदार और एसडीएम सीधे लोगों की समस्याएं सुनें ताकि ग्रामीणों को भूमि सीमांकन, विवादित-अविवादित नामांतरण और वनाधिकार पट्टों के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कृषि और खाद-भंडारण पर सवाल-जवाब
आगामी कृषि सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से खाद-भंडारण और बीज वितरण को लेकर सीधे सवाल-जवाब किए। उन्होंने निर्देश दिए कि:
किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो। सहकारी समितियों में कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति रहे ताकि किसानों को परेशानी न हो।
किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ दलहन और तिलहन की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
अधिकारियों के निरुत्तर होने पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान कुछ विभागों के अधिकारी कलेक्टर द्वारा पूछे गए बुनियादी सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने चेतावनी दी कि भविष्य में कोई भी अधिकारी बिना तैयारी के बैठक में न आए।
पेयजल संकट और स्वास्थ्य शिकायतों पर एक्शन
पेजल और हैंडपंप: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग को निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम में पेयजल समस्याओं का तुरंत समाधान करें। खराब हैंडपंपों की मरम्मत के लिए ग्राम पंचायत सचिवों से नियमित जानकारी लें।
स्वास्थ्य विभाग: विभाग को मिली विभिन्न शिकायतों पर कलेक्टर ने कड़ी जांच करने और जल्द से जल्द जांच प्रतिवेदन सौंपने के निर्देश दिए।
योजनाओं के प्रचार-प्रसार में तेजी लाएं
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने कहा कि पर्याप्त जानकारी न होने के कारण दूरस्थ अंचलों के लोग सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों की तथ्यात्मक जानकारी नियमित रूप से जनसंपर्क कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से इसे आमजन तक पहुंचाया जा सके।


