
चिरमिरी। नगर पालिक निगम चिरमिरी अंतर्गत बगनाच्छा स्थित उचित मूल्य की दुकान निर्धारित समय पर न खुलने के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर 12 बजे तक दुकान बंद रहने के कारण बड़ी संख्या में आम नागरिक चिलचिलाती धूप में राशन मिलने का इंतजार करते नजर आए।

महापौर ने लिया संज्ञान
निवास से निगम कार्यालय जाते समय महापौर राम नरेश राय की नजर दुकान के बाहर खड़े नागरिकों की भीड़ पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महापौर स्वयं मौके पर पहुँचे और नागरिकों से जानकारी ली। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान समय पर नहीं खुलती, जिससे उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है।

लापरवाही पर सख्त निर्देश
महापौर ने इस अव्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए दुकानदार को तत्काल मौके पर तलब किया और समय पर दुकान खोलने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम नागरिकों की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि उचित मूल्य की दुकानों के संचालन समय की नियमित निगरानी की जाए ताकि जनता को असुविधा न हो।
