मनेंद्रगढ़। ग्राम पंचायत परसगढ़ी तिराहे के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य में लगी ‘डी वी प्रोजेक्ट’ कंपनी के पानी टैंकर और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत के कारण हुआ। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश व्याप्त है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।


पूर्व विधायक के नेतृत्व में थाने पहुंचे कांग्रेसी
घटना की सूचना मिलते ही भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात की। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मनेंद्रगढ़ एसडीएम से फोन पर चर्चा कर प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।


कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
तत्काल FIR: डी वी प्रोजेक्ट के वाहन चालक, कंपनी प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों पर आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।
उचित मुआवजा: मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए।
कठोर निगरानी: निर्माण कार्य में लगे भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रशासन सख्त नियम लागू करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


लापरवाही पर तीखे प्रहार
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने इस घटना को लापरवाही से हुई मौत करार देते हुए कहा, “निर्माण कंपनियां नियमों की अनदेखी कर रही हैं और प्रशासन मौन बना हुआ है। यदि कंपनी मालिकों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।”


वहीं, विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह ने कहा कि प्रशासनिक निगरानी पूरी तरह फेल हो चुकी है। यदि प्रशासन ने ढिलाई बरती, तो कांग्रेस पार्टी तहसील और थाना कार्यालय का घेराव करेगी।

इस दौरान जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महामंत्री रफीक मेमन, ब्लॉक अध्यक्ष (शहर) सौरव मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष (ग्रामीण) रामनरेश पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि जल्द ही मांगे पूरी नहीं हुईं, तो होने वाले जनआंदोलन की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

Spread the love