
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। सर्व यादव समाज की जिला इकाई (एमसीबी) ने एक आगामी विवादित फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। समाज के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और संबंधित उच्च अधिकारियों को संबोधित इस ज्ञापन के माध्यम से अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का आरोप
ज्ञापन के अनुसार, फिल्म निर्माता अंकित भडाना और संदीप तोमर द्वारा निर्मित फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” आगामी 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। समाज का आरोप है कि फिल्म में यादव युवती और मुस्लिम युवक के बीच दिखाए गए काल्पनिक प्रेम प्रसंग से यादव समाज की बहन-बेटियों के सम्मान को ठेस पहुँच रही है।

प्रदर्शन रोकने की चेतावनी
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि फिल्म का शीर्षक और इसकी कहानी न केवल सामाजिक भावनाओं को आहत कर रही है, बल्कि इससे क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की भी आशंका है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि इस विषय को लेकर देशभर के यादव समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है।

प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील
सर्व यादव समाज ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम के अध्यक्ष से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए फिल्म के प्रदर्शन से पूर्व उचित कार्यवाही की जाए और आवश्यकता पड़ने पर फिल्म पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए।

