सूरजपुर: जिले की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने रविवार, 22 फरवरी 2026 की रात थाना रमकोला का अचानक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रजिस्टरों और मालखाने की बारीकी से जांच
निरीक्षण के दौरान प्रशांत कुमार ठाकुर ने थाने के विभिन्न महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की। उन्होंने जरायम रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, लंबित शिकायतों और एमएलसी रजिस्टर की बारीकी से जांच की। इसके अलावा मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार और रिकॉर्ड सेक्शन का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों को तुरंत सुधारने के लिए उन्होंने थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिए।
पेंडेंसी खत्म करने और गश्त बढ़ाने के निर्देश
डीआईजी/एसएसपी ने थाना प्रभारी को लंबित अपराधों और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के आदेश दिए। उन्होंने क्षेत्र के निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की नियमित चेकिंग करने तथा बीट स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत कर प्रभावी कार्यवाही करने पर जोर दिया।
स्वयं मौके पर पहुंचकर जांची सुरक्षा व्यवस्था
अधिकारी ने स्वयं गश्त पॉइंट्स पर पहुंचकर रात्रि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की, उनकी समस्याएं एवं गुजारिशें सुनीं और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि थानों के चेकिंग पॉइंट्स की कार्यप्रणाली पूरी तरह सुव्यवस्थित, अपडेट और प्रभावी होनी चाहिए।

Spread the love