बिलासपुर स्टेशन पर मानवीय संवेदनशीलता का अनोखा उदाहरण
वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम की त्वरित कार्रवाई से प्रसूता का सुरक्षित प्रसव

बिलासपुर/03 दिसम्बर 2025
बिलासपुर रेलवे स्टेशन आज मानवता और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल बना, जब अकलतरा से आई 22 वर्षीय महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर वाणिज्य विभाग की स्पेशल टीम ने तत्काल सहायता प्रदान की। स्टेशन परिसर के सुलभ शौचालय के पास स्थिति गंभीर होती देख टीम ने बिना देर किए चिकित्सा सहायता का प्रबंध किया।
सूचना मिलते ही एलीट अस्पताल के डॉक्टर, महिला सफाईकर्मी और टीम के सदस्य मौके पर पहुँचे। उन्होंने चादर, कपड़े और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। प्राथमिक उपचार के बाद माँ और नवजात को महतारी योजना एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहाँ दोनों स्वस्थ बताए गए।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने पूरी टीम की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि “यात्रियों की सुरक्षा और समय पर सहायता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
इस घटना ने साबित किया कि मानवीयता हर सेवा का सबसे बड़ा आधार है।
