बिलासपुर, 18 नवम्बर 2025।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे लगातार अधोसंरचना विकास पर जोर देते हुए सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध रेल सेवाओं की दिशा में बड़े कदम उठा रहा है। इसी क्रम में बिलासपुर–झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना तेजी से प्रगति पर है। उत्तर और दक्षिण भारत को जोड़ने वाले इस व्यस्त रेल मार्ग पर क्षमता बढ़ाने के लिए नई लाइनों का निर्माण प्राथमिकता से किया जा रहा है।

206 किलोमीटर लंबी इस चौथी रेल लाइन परियोजना में अब तक 155 किलोमीटर से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है। इसी के तहत सारागाँव देवरी रेलवे स्टेशन को चौथी रेल लाइन से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य संपन्न हुआ।

कार्य के दौरान 2 पुराने टर्नआउट हटाकर 4 नए टर्नआउट स्थापित किए गए। लगभग 1100 मीटर नई लाइन बिछाकर एक अतिरिक्त लूप लाइन का निर्माण किया गया, जिससे अधिक ट्रेनों का सुचारु संचालन संभव होगा। स्टेशन पर अत्याधुनिक सिग्नलिंग एवं इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (EI) प्रणाली लगाई गई है, जिसमें डुअल VDU, कवच-रेडी इंटरफेस और पॉइंट हज़ार्ड सर्किट जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा तंत्र शामिल हैं।

इस कार्य को पूरा करने में 300 से अधिक कर्मचारी, 10 इंजीनियर, 10 स्टेशन मास्टर और 3 मुख्य यातायात निरीक्षक ठंड के मौसम में लगातार काम करते रहे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की यह उपलब्धि भविष्य में उच्च क्षमता, उच्च सुरक्षा और बेहतर परिचालन वाली रेल सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना पूर्ण होने पर यात्रियों को अधिक सुरक्षित, समयबद्ध और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

Spread the love