
जिले के चयनित 90 तीर्थयात्री जाएंगे मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा
13 से 16 दिसंबर तक मथुरा–वृंदावन का होगा भ्रमण
एमसीबी/27 नवंबर 2025। समाज कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वर्ष 2025-26 के लिए जिले का तीर्थयात्रा कोटा तय कर दिया गया है। आगामी 13 से 16 दिसंबर 2025 तक जिले के चयनित तीर्थयात्री मथुरा, वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन हेतु यात्रा पर जाएंगे। इस वर्ष जिले के लिए 90 यात्रियों का कोटा निर्धारित किया गया है।
—
इन वर्गों को मिलेगा प्राथमिकता
योजना के अंतर्गत निम्न वर्ग यात्रा हेतु आवेदन कर सकते हैं—
वरिष्ठ नागरिक
दिव्यांगजन
विधवा महिलाएं
परित्यक्त महिलाएं
आवेदन निर्धारित प्रपत्र में 5 दिसंबर 2025 तक संबंधित जनपद पंचायत या नगरीय निकाय में जमा किए जा सकेंगे।
—
पात्रता एवं चयन प्रक्रिया
केवल वे वरिष्ठ नागरिक पात्र होंगे जिनकी आयु 60 वर्ष या अधिक हो तथा वे शारीरिक व मानसिक रूप से यात्रा के उपयुक्त हों।
लाभार्थियों में 80 प्रतिशत बीपीएल, अंत्योदय एवं मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना कार्ड धारक होंगे।
20 प्रतिशत लाभार्थी एपीएल श्रेणी से होंगे, बशर्ते वे आयकर दाता न हों।
कुल चयन में 75 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्र तथा 25 प्रतिशत शहरी क्षेत्र के हितग्राही शामिल होंगे।
—
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें
योजना संबंधी विस्तृत जानकारी हेतु इच्छुक व्यक्ति अपने क्षेत्र की जनपद पंचायत, नगरीय निकाय, या जिला समाज कल्याण कार्यालय, मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर से संपर्क कर सकते हैं।
