रायपुर, 21 अक्टूबर 2025: छत्तीसगढ़ परिवहन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक मंत्रालय महानदी भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जनवरी से अगस्त 2025 तक प्रदेश में 10,431 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जो पिछले वर्ष से 5.23% अधिक हैं। इसमें 9,132 लोग घायल हुए (8.64% वृद्धि) और 4,770 लोगों की मौतें हुईं (2.51% वृद्धि)। मंत्री कश्यप ने जनसंख्या के आधार पर दुर्घटनाओं का गहन विश्लेषण कर रोकथाम के ठोस कदम उठाने और हेलमेट-सीट बेल्ट नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राज्य के 33 जिलों में सिर्फ 108 में से 264 निर्धारित सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकें हुईं, जिसपर मंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मासिक बैठकों को अनिवार्य कर MORTH पोर्टल पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। पुलिस ने 6,03,283 चालानी प्रकरणों से 26.95 करोड़ और परिवहन विभाग ने 5,55,666 चालान प्रकरणों से 115.54 करोड़ रुपये वसूले। 1000 ब्लैक स्पॉट में से 887 का सुधार हो चुका है। मंत्री ने शेष कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।स्वास्थ्य विभाग ने ट्रामा सेंटर्स और कैशलेस इलाज की प्रणाली की जानकारी दी। शिक्षा विभाग ने सड़क सुरक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल कर, जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने की तैयारी पूरी की। मंत्री ने विभागों को समन्वित कार्ययोजना तैयार कर हर माह रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। कहा गया कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है, नियमों का पालन करें और सुधारात्मक कदम उठाएं।

Spread the love