
रायपुर। स्वास्थ्य मंत्री ने आज मंत्रालय में अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों के साथ बैठक कर डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल के जीर्णोद्धार और नए निर्माण कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में 700 बेड के एकीकृत अस्पताल के निर्माण सहित अस्पताल के विभिन्न विकास कार्यों पर विचार-विमर्श हुआ।
चर्चा के दौरान क्षेत्रीय कैंसर संस्थान, चिकित्सा छात्रों के हॉस्टल और अस्पताल के फायर फाइटिंग सिस्टम के निर्माण एवं सुधार कार्यों की रूपरेखा पर भी विशेष जोर दिया गया।
इसके साथ ही, सिकल सेल संस्थान के शीघ्र निर्माण को लेकर भी अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से गहन मंथन किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग राज्य के सबसे बड़े अस्पताल को जल्द ही एक आधुनिक और सशक्त स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।

