बिलासपुर, 13 अगस्त 2025
छत्तीसगढ़ की संस्कृति और खानपान को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर आज “गढ़ कलेवा” स्टॉल की शुरुआत की गई। यह स्टॉल छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन, स्थानीय स्वाद और सांस्कृतिक पहचान को यात्रियों तक पहुंचाने का अनूठा प्रयास है।

स्टॉल का विधिवत शुभारंभ उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक कौशिक मित्रा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह एवं मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन की उपस्थिति में महिला कर्मचारियों के करकमलों से हुआ। इस मौके पर रेलवे के अन्य अधिकारीगण और यात्री भी उपस्थित रहे।

“गढ़ कलेवा” स्टॉल रेलवे स्टेशन के गेट क्रमांक 01 के पास ‘एक स्टेशन एक उत्पाद’ स्टॉल पर स्थित है। यहाँ चीला, फरा, मूंगफली लड्डू, गुड़ लड्डू, करी लड्डू, गुलगुला, ठेठरी, खुरमी, अईरसा, चौसेला और सोहारी जैसे पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन उपलब्ध हैं, जिनका यात्री मौके पर ही स्वाद ले सकते हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि यह पहल न केवल यात्रियों को छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का लुत्फ़ देगी, बल्कि स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों और कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलेगी। इस प्रयास से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिलेगी।

Spread the love