बिलासपुर | 05 अगस्त 2025
यात्रा के दौरान होने वाली समस्याओं का अब त्वरित समाधान भारतीय रेलवे की नई डिजिटल पहल ‘‘रेल मदद’’ ऐप के माध्यम से संभव हो गया है। यह ऐप रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया एक अत्याधुनिक शिकायत निवारण प्लेटफॉर्म है, जो हर वर्ग के यात्रियों के लिए सरल, पारदर्शी और भरोसेमंद समाधान उपलब्ध करा रहा है।

रेल यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री को सफाई, शौचालय, पैंट्री सेवा, लाइट, एसी, मोबाइल चार्जिंग, स्टाफ व्यवहार, महिला सुरक्षा, सामान की चोरी या मेडिकल इमरजेंसी जैसी कोई समस्या होती है, तो वह ‘‘रेल मदद’’ ऐप के जरिए तत्काल शिकायत दर्ज कर सकता है। शिकायत दर्ज होते ही एक यूनिक ट्रैकिंग नंबर मिलता है, जिससे यात्री अपनी शिकायत की स्थिति को रियल टाइम में देख सकते हैं।

यह सेवा केवल ऐप तक सीमित नहीं है। यात्री वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर 139, एसएमएस, ईमेल, और सोशल मीडिया के जरिए भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतें सीधे संबंधित विभाग तक पहुंचती हैं और मंडल, जोन और रेलवे बोर्ड स्तर पर निगरानी की त्रिस्तरीय व्यवस्था के माध्यम से समाधान सुनिश्चित किया जाता है।

“रेल मदद” ऐप की प्रमुख विशेषताएँ:

बहुभाषी, सरल एवं यूज़र-फ्रेंडली इंटरफेस

गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त उपलब्ध

सभी आयु व वर्ग के यात्रियों के लिए सहज

आपात स्थिति में तत्काल सहायता का विकल्प


वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया –
“भारतीय रेलवे द्वारा तैयार किया गया ‘रेल मदद’ ऐप यात्रियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। इससे न केवल रेलवे की सेवा गुणवत्ता बेहतर हुई है, बल्कि यात्रियों में संतोष और विश्वास भी बढ़ा है। रेल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि है, और यह ऐप इन उद्देश्यों की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”

रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से आग्रह किया है कि वे ‘‘रेल मदद’’ ऐप का अधिकतम उपयोग करें और किसी भी समस्या की स्थिति में बिना हिचक शिकायत दर्ज करें, ताकि उनका सफर सुरक्षित, सुविधाजनक और तनावमुक्त हो सके।

डाउनलोड करें – “रेल मदद” ऐप
रेल सेवा में विश्वास और सुविधा का नया डिजिटल अध्याय।

Spread the love