भाजपा सरकार की नीतियाँ जनविरोधी, कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी……अशोक श्रीवास्तव

प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को पूरी तरह बंद किए जाने के फैसले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने कड़ी आपत्ति जताई है। जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने इसे सीधे तौर पर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों पर कुठाराघात बताया।

श्रीवास्तव ने बताया कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई यह योजना राज्य के 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए थी, जिसके तहत 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा कर दिया गया था। इससे परिवारों को हर माह 40-50% तक की बचत होती थी। उन्होंने कहा, “भाजपा ने सत्ता में आते ही पहले इसे 100 यूनिट तक सीमित किया और अब पूरी तरह बंद कर दिया है, जो जनता से विश्वासघात है।”

बिजली दरों में बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर से बढ़ी परेशानी

प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव सुभाष कश्यप और पूर्व महापौर डमरू रेड्डी ने आरोप लगाया कि सरकार घरेलू बिजली दरों में लगातार वृद्धि कर रही है। हाल ही में 25 पैसे प्रति यूनिट बढ़ाया गया, और अब 50 पैसे प्रति यूनिट और बढ़ाने की तैयारी है। साथ ही, स्मार्ट मीटरों के नाम पर भारी-भरकम बिल उपभोक्ताओं को थमाए जा रहे हैं और निजी कंपनियों को मीटर लगाने की ज़िम्मेदारी सौंपकर जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।

“बिजली है महंगी, कटौती फिर भी जारी”

नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा और उप नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद इकराम ने कहा कि भाजपा सरकार न बिजली की दर नियंत्रित कर पा रही है, न ही बिजली आपूर्ति को सुचारू कर पा रही है। ग्रामीण हो या शहरी क्षेत्र — बिजली की आंखमिचौली से हर कोई परेशान है।

केंद्र सरकार की नीतियाँ भी जिम्मेदार

नेताओं ने कहा कि बिजली की महंगाई के लिए केंद्र सरकार भी जिम्मेदार है। कोयला दरों में बढ़ोतरी, रेलवे मालभाड़ा, डीजल पर टैक्स, और महंगे दामों पर कोल पावर प्लांट्स को कोयला खरीदवाना — इन सभी कारणों से राज्य को महंगी बिजली खरीदनी पड़ रही है, जबकि कोयला, जल और भूमि राज्य की ही संपत्ति है।

कांग्रेस का चेतावनी भरा ऐलान

अंत में अशोक श्रीवास्तव ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि बिजली बिल हाफ योजना को जल्द पुनः लागू नहीं किया गया, तो कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा – “यह सिर्फ बिजली का नहीं, जनता के अधिकारों का सवाल है। कांग्रेस सड़क पर उतरकर जनता की लड़ाई लड़ेगी।”

इस प्रेस वार्ता में गायत्री बिरहा, मोहम्मद इकराम, सुभाष कश्यप, डमरू रेड्डी, शाहिद महमूद, राणा दास, शहाबुद्दीन, विजय नेवार, सैफ नियाज़ी, शुभम सलूजा, निखिल यादव, रज्जाक खान, विश्वजीत दास सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

Spread the love