
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का जताया आभार, कहा– “सुरक्षा और विकास की दिशा में बड़ा कदम”
चिरमिरी/रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पेश किए गए बजट 2026–27 में चिरमिरी नगर निगम को आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से चिरमिरी में अग्निशमन सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए कुल 14.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
आपदा प्रबंधन होगा सशक्त……….
बजट में चिरमिरी नगर निगम की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए दो महत्वपूर्ण मदों में राशि स्वीकृत की गई है:
अग्निशमन मशीन व उपकरण: नई मशीनों और आवश्यक तकनीकी उपकरणों की खरीदी के लिए 500 लाख (5 करोड़) रुपये का प्रावधान।
वाहनों का विस्तार: नवीन अग्निशमन वाहन, वॉटर टेंडर वाहन, मिस्ट वाहन एवं वॉटर बाउजर की खरीदी हेतु 950 लाख (9.50 करोड़) रुपये की स्वीकृति।
सुरक्षा और त्वरित राहत पर जोर………..
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि यह निर्णय न केवल चिरमिरी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगा, बल्कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित राहत और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इन संसाधनों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे मुख्यमंत्री ने सहृदयता से स्वीकार किया है।
“प्रदेश सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में चिरमिरी और संपूर्ण छत्तीसगढ़ निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यह बजट राशि शहरी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने और आपदा प्रबंधन क्षमता को नई शक्ति प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।”
— श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री
जनता में हर्ष की लहर……….
चिरमिरी को मिली इस बड़ी उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भी खुशी जाहिर की है। लोगों का मानना है कि अग्निशमन तंत्र के आधुनिक होने से औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों में सुरक्षा का स्तर बढ़ेगा।
