15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नवसाक्षर-असाक्षर महिला-पुरुषों को शिक्षा से जोड़ने हुआ व्यापक आयोजन


एमसीबी/मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर।
नवभारत साक्षरता अभियान के अंतर्गत जिले में शिक्षा और जागरूकता का व्यापक उत्सव देखने को मिला। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के तीनों विकासखंडों के समस्त ग्रामों एवं वार्डों में भव्य उल्लास मेला का आयोजन किया गया।


शिक्षा को रोचक बनाकर जागरूकता का प्रयास
उल्लास मेले का मुख्य उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के नवसाक्षर एवं असाक्षर महिला-पुरुषों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करना रहा। मेले के माध्यम से उन्हें बुनियादी साक्षरता, संख्यात्मक ज्ञान के साथ-साथ वित्तीय, डिजिटल, कानूनी, स्वास्थ्य साक्षरता एवं जीवन कौशल की जानकारी दी गई।


खेल-खेल में सीखने का अनुभव
शिक्षा को सरल और रोचक बनाने के लिए मेले में रिंग फेंको, वर्ण पहचानो, उंगली दौड़, जोड़ मशीन, जोड़ी मिलाओ और सुरीली कुर्सी जैसी गतिविधियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए। ग्रामीणों ने इन गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सीखने की प्रक्रिया को आनंद के साथ अपनाया।
शत-प्रतिशत आयोजन और सतत निगरानी
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंकिता सोम शर्मा द्वारा जिले के सभी ग्रामों में शत-प्रतिशत उल्लास मेला आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम की सतत निगरानी के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां से फोटोग्राफ एवं वीडियो के माध्यम से आयोजन की रिपोर्टिंग की गई।


26 जनवरी तक सर्वे पूर्ण करने के निर्देश
प्रशासन द्वारा यह भी निर्देश दिए गए कि 26 जनवरी 2026 तक जिले के सभी ग्रामों में असाक्षर व्यक्तियों का शत-प्रतिशत सर्वे कर वेब पोर्टल पर समय-सीमा के भीतर प्रविष्टि पूर्ण की जाए।
उल्लास मेला जिले में साक्षरता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक प्रभावी पहल बनकर उभरा है।

Spread the love