सिंगरौली।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के पावन अवसर पर 10 जनवरी को भारतीय जनता पार्टी मंडल जनकपुर द्वारा ज्वालामुखी मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना एवं “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का सामूहिक जाप श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सोमनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना रहा। वक्ताओं ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, आस्था और आत्मसम्मान का प्रतीक है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह, जिला मंत्री पवन शुक्ला, मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, मंडल महामंत्री मणि प्रसाद पांडे, मोतीलाल पांडे, शक्ति केंद्र प्रभारी लक्ष्मण कुशवाहा, शक्ति केंद्र संयोजक अमरजीत यादव, बूथ अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित बलिराज सिंह एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूजा-अर्चना एवं मंत्र जाप के दौरान उपस्थित जनसमूह ने देश की एकता, अखंडता, समृद्धि एवं सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए प्रार्थना की। कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास और सनातन परंपराओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

Spread the love