मनेंद्रगढ़। शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित टीवी टावर रोड और पार्क व्यू होटल क्षेत्र में प्रस्तावित अंग्रेजी शराब दुकान व अहाते का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के साथ ही कलेक्टर से मुलाकात कर इस प्रस्तावित अनुमति को तत्काल निरस्त करने की मांग की।


सरकार की दोहरी नीति का आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार एक ओर महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक मूल्यों का ढोंग करती है, तो दूसरी ओर घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्रों में शराब दुकानों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की दोहरी नीति का प्रमाण है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वे इस जनविरोधी निर्णय को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देंगे।


सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी व शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि प्रस्तावित स्थल के आसपास घनी आबादी, धार्मिक स्थल और स्कूलों का मार्ग है। ऐसे में शराब दुकान और अहाता खुलने से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक वातावरण बिगड़ने का गंभीर खतरा है।

कांग्रेस ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी कि यदि जनभावनाओं की अनदेखी की गई, तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।



इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कासिम अंसारी, प्रवक्ता भावेश जैन, स्नेहिल शुक्ला, व्यंकटेश सिंह, अजीत सिंह, शैफ व निखिल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने प्रशासन से राजनीतिक दबाव से ऊपर उठकर जनहित में तुरंत निर्णय लेने की मांग की है।

Spread the love