खोंगापानी/एम सी बी

“कोई कमी बच्चों की पढ़ाई की गति को कम न करे…” — इसी बुलंद हौसले, अटूट सेवाभाव और दृढ़ संकल्प के साथ मारवाड़ी युवा मंच तेजस्विनी शाखा, मनेंद्रगढ़ ने शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक मिसाल कायम की है। संस्था द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खोंगापानी में छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया।


यह आयोजन महज़ किताबों-कॉपियों का वितरण नहीं था, बल्कि समाज के हर बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुँचाने और मातृशक्ति की अदम्य इच्छाशक्ति का एक जीवंत प्रयास था।


मातृशक्ति का समर्पण:

समाज के लिए एक नई प्रेरणा
शाखा की अध्यक्ष अनीता फरमानिया के कुशल और ऊर्जावान नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आर्थिक तंगी या संसाधनों की मामूली कमी किसी भी प्रतिभावान छात्र की उड़ान में बाधा न बने। मातृशक्ति ने आगे आकर यह साबित कर दिया है कि जब समाज की माताएं और बहनें शिक्षा के यज्ञ में आहुति देती हैं, तो समाज में एक नई चेतना और सकारात्मक क्रांति का संचार होता है।बहुत से लोग सोचते है ऐसा करना चाहिए…. ये मातृ शक्ति हर साल कुछ नया करती है


अतिथियों के प्रेरक उद्बोधन और उत्साह
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन पांडेय ने अपने ओजस्वी भाषण से विद्यार्थियों में जोश भर दिया। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा — “हमारा क्षेत्र शिक्षित होगा, तभी वह सशक्त और विकसित होगा।” उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और जीवन में ऊंचे सपने देखने के लिए प्रेरित किया, साथ ही मारवाड़ी युवा मंच तेजस्विनी शाखा के सेवाकार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्था की प्राचार्या सुषमा टोप्पो ने मातृशक्ति के इस महान योगदान को विद्यालय के इतिहास का एक स्वर्णिम पल बताया। इस पूरे आयोजन को सफलता के शिखर तक पहुँचाने में विद्यालय के व्याख्याता मनीष कुमार गुप्ता का विशेष, सराहनीय और सक्रिय सहयोग रहा।
उम्मीदों का कारवां: हर वर्ष हो ऐसे आयोजन
सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनकी आँखों में कुछ कर दिखाने का चमकता हुआ विश्वास साफ झलक रहा था। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने मंच की इस पहल को दिल से सराहा। सभी ने एक स्वर में यह उम्मीद जताई कि बच्चों के हित में ऐसे प्रेरणादायक और सेवाभावी आयोजन हर वर्ष निरंतर होते रहें, ताकि हमारे क्षेत्र का हर नौनिहाल शिक्षा के मार्ग पर अनवरत आगे बढ़ सके।

Spread the love