अटल चौक स्थित ‘बबलू मोबाइल’ की घटना; पीड़ित दुकानदार ने थाने में दी लिखित सूचना, जांच की मांग


केल्हारी। स्थानीय अटल चौक स्थित ‘बबलू मोबाइल’ दुकान में शार्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। इस अचानक हुई आगजनी में दुकान के अंदर रखा कई लाख रुपये का कीमती सामान जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गया। पीड़ित दुकानदार ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की गुहार लगाई है।
रात्रि में अचानक भड़की आग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीते दिवस 29 जून 2026 की रात की है। दुकान संचालक बबलू साहू (निवासी ग्राम सेमरिया) रोज की तरह रात में अपनी दुकान बंद कर अपने गृह ग्राम चले गए थे। रात करीब 10:40 बजे केल्हारी निवासी राकेश गुप्ता ने दुकान से धुआं निकलता देख तत्काल इसकी सूचना मोबाइल फोन पर संचालक बबलू साहू को दी।
शटर खोलते ही बाहर आईं आग की लपटें
सूचना मिलते ही दुकानदार आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर खोला, अंदर से आग की तेज लपटें बाहर निकलने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। शोर सुनकर आस-पास के ग्रामीण और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दुकान में रखा सारा सामान जल चुका था।
लगभग 20 लाख के नुकसान का अनुमान
पीड़ित दुकानदार बबलू साहू द्वारा केल्हारी थाने में दी गई लिखित सूचना के अनुसार, आगजनी में दुकान के भीतर रखे नए मोबाइल सेट, विभिन्न एक्सेसरीज, रिपेयरिंग टूल्स सहित भारी मात्रा में फर्नीचर (04 नग अलमारी, 03 नग कांच का शो-केस) जलकर नष्ट हो गए हैं। इसके अलावा काउंटर में रखे ₹500 नगद फुटकर पैसे भी जल गए। प्रारंभिक तौर पर कुल नुकसान करीब 20 लाख रुपये आंका जा रहा है।
परिवार के भरण-पोषण का इकलौता सहारा थी दुकान
थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह एक गरीब और बाल-बच्चेदार व्यक्ति है। उसके बूढ़े माता-पिता और पूरे परिवार का भरण-पोषण इसी इकलौती दुकान से होता था। इस हादसे से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से इस पूरी आगजनी की घटना की निष्पक्ष जांच करने और उचित राहत दिलाने की मांग की है।

Spread the love