एमसीबी/21 जनवरी 2026।
प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मंच देने और युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित सरगुजा ओलम्पिक 2026 को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देश पर संभाग आयुक्त नरेंद्र दुग्गा की अध्यक्षता में 20 जनवरी 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि 25 जनवरी 2026 तक अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर गांव और हर युवा को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके। इसके लिए खेल संघों के साथ-साथ शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, छात्रावासों और आम नागरिकों को आयोजन से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
संभाग आयुक्त ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन हेतु सभी खेल मैदानों के समुचित मेंटेनेंस, संभाग स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार, तथा मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों की स्वास्थ्य जांच एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह तत्पर रहने को कहा गया।
जूनियर-सीनियर दोनों वर्गों को मिलेगा मौका
सरगुजा ओलम्पिक 2026 का आयोजन जूनियर एवं सीनियर—दोनों श्रेणियों में किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारियों को सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने तथा आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित छात्रावासों के विद्यार्थियों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विशेष रूप से प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल को बनेगा जन-आंदोलन
सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सरगुजा ओलम्पिक 2026 को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और इसे ऐतिहासिक आयोजन बनाने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।
ऑनलाइन पंजीयन:
खिलाड़ी एवं इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीयन
👉 https://rymc.cg.gov.in/sargujaOlympic2025/
पर कर सकते हैं।
आयु सीमा:
न्यूनतम आयु 14 वर्ष, अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं।
सरगुजा ओलम्पिक 2026 केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने और खेल के माध्यम से प्रदेश को नई पहचान दिलाने का अभियान है।

Spread the love