नई दिल्ली।
छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज नई दिल्ली स्थित बिहार निवास पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी माननीय नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें नवीन दायित्व मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भेंट के दौरान मंत्री जायसवाल ने कहा कि माननीय नितिन नबीन का राजनीतिक जीवन संघर्ष, परिश्रम और समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत कर संगठन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफल निर्वहन करना उनके कुशल नेतृत्व और संगठनात्मक क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन ने सदैव संगठन की मजबूती और जनसेवा को प्राथमिकता दी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने ईश्वर से नितिन नबीन के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा भाजपा को नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी।
शिष्टाचार भेंट के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण में संगठनात्मक विषयों एवं आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात छत्तीसगढ़ और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय एवं संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
