एसडीएम कार्यालय केल्हारी में पेश हुए, प्रशासन ने दी कड़ी चेतावनी

एमसीबी/04 दिसंबर 2025। ग्राम पंचायत बिछियाटोला में आयोजित ग्राम सभा के दौरान SIR कार्य में लगे बीएलओ और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता  सुष्मिता तिवारी के साथ सरपंच पति द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के मामले ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। 29 नवंबर को हुई इस घटना में सरपंच पति दीप नारायण ने न केवल ग्राम सभा की प्रक्रिया में बाधा डाली, बल्कि सभा की गरिमा भंग करने जैसा व्यवहार भी किया।

घटना के समय बीएलओ एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बाल विवाह मुक्त शपथ कार्यक्रम के संबंध में सरपंच सोनकुंवर से चर्चा कर रही थीं, तभी सरपंच पति ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए अभद्रता की। इससे पूर्व भी SIR पंचनामा के दौरान सरपंच को हस्ताक्षर करने से रोकने की शिकायत प्रशासन तक पहुंच चुकी थी।

तहसीलदार केल्हारी सतरूपा साहू ने पहले ही निर्देश दिया था कि SIR प्रक्रिया में सरपंच के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं और कोई भी व्यक्ति शासकीय कार्य में बाधा नहीं डाल सकता।

घटना के बाद सरपंच पति दीप नारायण अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय, केल्हारी पहुंचे और एसडीएम इंद्रा मिश्रा के समक्ष मौखिक और लिखित रूप से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी।
एसडीएम इंद्रा मिश्रा ने माफी स्वीकार करते हुए सख्त चेतावनी दी कि शासकीय कार्य में लगे कर्मचारियों से अभद्रता,
कार्य में अवरोध या हस्तक्षेप,
प्रशासन द्वारा गंभीर अपराध माना जाएगा।उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोहराई जाती है, तो दोषी के विरुद्ध कठोर एवं तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और प्रशासनिक सख्ती से पंचायती गतिविधियों में हस्तक्षेप की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Spread the love