
जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर का आदेश जारी, प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त
मनेन्द्रगढ़/चिरमिरी/भरतपुर (छ.ग.)। जिला कांग्रेस कमेटी ने पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक मूल्यों के उल्लंघन पर कड़ा कदम उठाते हुए नगर पंचायत झगराखांद के चार पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। आदेश 2 दिसंबर 2025 को जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव द्वारा जारी किया गया।
जारी पत्र के अनुसार, यह सभी पदाधिकारी लंबे समय से पार्टी की विचारधारा के विपरीत गतिविधियों में संलिप्त थे। विरोधी दलों की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी और भारतीय जनता पार्टी में प्रवेश की कोशिशों जैसी वजहों के चलते कार्रवाई की गई है।
निष्कासित पदाधिकारियों की सूची
1. श्रीमती रीमा यादव — अध्यक्ष, नगर पंचायत झगराखांद
2. श्री रमेश यादव — पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष, झगराखांद
3. श्री सतार अली — पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष, झगराखांद
4. श्रीमती अजीजून निशा — पार्षद, वार्ड क्रमांक 15, नगर पंचायत झगराखांद
संगठन-विरोधी गतिविधियों के चलते कार्रवाई
कांग्रेस कमेटी ने आदेश में स्पष्ट किया है कि उपरोक्त चारों पदाधिकारियों का व्यवहार लगातार पार्टी अनुशासन व निर्देशों के प्रतिकूल पाया गया। पार्टी की गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली गतिविधियों के मद्देनज़र इनकी प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पद तत्काल समाप्त कर दिए गए हैं।
जिलाध्यक्ष की अपील
जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने पत्र में कहा कि पार्टी के अनुशासन एवं सिद्धांत सर्वोपरि हैं। संगठन-विरोधी गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
सूचना उच्च पदाधिकारियों को प्रेषित
निष्कासन आदेश की प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, प्रभारी छत्तीसगढ़ कांग्रेस, पूर्व मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष सहित वरिष्ठ नेताओं को भेजी गई है।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और आगामी दिनों में कांग्रेस संगठन में और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
