एमसीबी/28 नवंबर 2025/ विशेष गहन पुनरीक्षण-2025-26 (SIR) के तहत मतदाता सूची अद्यतन कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान मनेन्द्रगढ़ तहसील में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्वाचन कार्यों में अपेक्षित तेजी न होने और निर्धारित समयसीमा के पालन में कमी पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए पटवारी श्रीमती छाया गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को बीएलओ के माध्यम से Enumeration Form का वितरण, सत्यापन तथा फॉर्म की अपलोडिंग एवं डिजिटाइजेशन का कार्य 4 दिसंबर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाना है। हालांकि मनेन्द्रगढ़ तहसील के कई मतदान केन्द्रों में ऑनलाइन एंट्री की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई। इसके पूर्व जारी कारण बताओ सूचना पत्र का उत्तर भी श्रीमती गुप्ता द्वारा समयसीमा में प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया है।

सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनेन्द्रगढ़ द्वारा जारी नोटिस में उल्लेख है कि निर्वाचन जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उदासीनता के कारण विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने और पूर्व नोटिस का जवाब प्रस्तुत न करने को गंभीर सेवा दोष मानते हुए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 (अनुबंध 1.2) के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

जारी आदेश में यह निर्देश दिया गया है कि श्रीमती छाया गुप्ता 24 घंटे के भीतर अधोहस्ताक्षरकर्ता के समक्ष उपस्थित होकर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। अन्यथा, उत्तर प्रस्तुत न करने या असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी किया गया है।

Spread the love