एमसीबी/जनकपुर। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण की मिसाल पेश करते हुए जनकपुर में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए विशेष कोचिंग क्लास का शुभारंभ किया गया। प्राथमिक शाला बालक जनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी भरतपुर  सच्चिदानंद साहू के द्वारा दीप प्रज्वलित कर कक्षाओं की शुरुआत की गई।

यह विशेष कोचिंग उन सभी छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ा अवसर है जो नवोदय विद्यालय में प्रवेश पाने की तैयारी कर रहे हैं। नगर पंचायत जनकपुर के सभी विद्यालयों के विद्यार्थी दोपहर 2:00 से 4:00 बजे तक संचालित होने वाली इन कक्षाओं का नि:शुल्क लाभ ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत क्षेत्र में पदस्थ शिक्षक स्वयं आगे बढ़कर नि:शुल्क सेवाएं प्रदान कर रहे हैं, जो शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक दायित्व का सराहनीय उदाहरण है।

कार्यक्रम में  सोमेश देवांगन, प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाई स्कूल बरेल, रवि शंकर सिंह, नरेश यादव,  नरसिंह राजपूत, विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती शारदा त्रिपाठी सहित समस्त स्टाफ की उपस्थिति रही।
छात्रों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की यह पहल क्षेत्र में शिक्षा उन्नयन की दिशा में एक प्रेरक कदम माना जा रहा है।

Spread the love