
भरतपुर/एम सी बी 29 नवम्बर 2025।
अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भरतपुर एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 01 भरतपुर-सोनहत ने कुछ यूट्यूब चैनलों तथा समाचार पत्रों में प्रसारित उस भ्रामक खबर का खंडन जारी किया है, जिसमें दावा किया गया था कि पूर्व विधायक श्री गुलाब कमरो का नाम अब भी धर्मजयगढ़ विधानसभा की मतदाता सूची में दर्ज है और त्रुटि सुधार नहीं किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 20 नवम्बर 2025 को श्री कमरो द्वारा भेजे गए स्क्रीनशॉट के आधार पर पता चला कि विशेष गहन पुनरीक्षण अवधि के दौरान उनके वर्ष 2003 के ईपिक विवरण के डिजिटाइजेशन में तकनीकी दिक्कत के कारण उनकी प्रविष्टि विधानसभा क्षेत्र 19 धर्मजयगढ़ के भाग क्रमांक 169 में बीएलओ ऐप पर मैप होकर दिखाई दे रही थी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, कोरिया द्वारा 21 नवम्बर 2025 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ को तकनीकी समाधान हेतु पत्र भेजा गया। इसके बाद 26 नवम्बर 2025 को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बीएलओ ऐप में अनमैपिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई। सुविधा मिलते ही धर्मजयगढ़ के बीएलओ ने तत्काल अनमैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण की।
इसके उपरांत उसी दिन श्री गुलाब कमरो के Enumeration Form का डिजिटाइजेशन, सत्यापन और सही मैपिंग उनके मूल विधानसभा क्षेत्र 01 मनेन्द्रगढ़, भाग संख्या 94 भलौर, सरल क्रमांक 767 में सफलतापूर्वक कर लिया गया।
निर्वाचन कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग के कार्यक्रमानुसार 04 नवम्बर से 04 दिसम्बर 2025 तक Enumeration Form का वितरण, वापसी एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया जारी है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 09 दिसम्बर 2025 को किया जाएगा। ऐसे में किसी भी मतदाता के नाम काटे जाने का दावा पूरी तरह असत्य, भ्रामक और तथ्यों के विपरीत है, क्योंकि अभी ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन ही नहीं हुआ है।
प्रशासन ने मीडिया प्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व तथ्यों की सही एवं आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें ताकि गलत सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। सत्यापन हेतु मैपिंग का ऑनलाइन Enumeration Form का स्क्रीनशॉट भी प्रेस नोट के साथ संलग्न किया गया है।
