
मनेंद्रगढ़। आदिवासी भूमि पर कथित कब्ज़े और भाजपा कार्यालय निर्माण को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस ने व्यापक विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया था। कांग्रेस का आरोप है कि जहां उनके पार्टी कार्यालय हेतु भूमि आवंटन की फाइल महीनों से तहसीलदार स्तर पर लंबित है, वहीं उसी क्षेत्र की विवादित आदिवासी भूमि पर भाजपा कार्यालय निर्माण के लिए प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। इसी के विरोध में कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित शांतिपूर्ण प्रदर्शन और काला झंडा दिखाने की तैयारी से पहले ही पुलिस ने सख़्त कार्रवाई शुरू कर दी।

जिलेभर में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी
सुबह से ही जिला एवं स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो को नजरबंद किया गया।
कार्यक्रम स्थल के आसपास पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष हाफिज़ मेमन, युवा कांग्रेस भरतपुर–सोनहत अध्यक्ष मोती सिंह, युवा कांग्रेस मनेंद्रगढ़ विधानसभा अध्यक्ष मनोज शर्मा, पार्षद स्वप्निल सिन्हा एवं रवि जैन सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
चिरमिरी और अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई
चिरमिरी में युवा कांग्रेस महासचिव एवं पार्षद राहुल पटेल, पूर्व जिला महासचिव सदाशिव बारीक, विधानसभा महासचिव प्रिंस शाही, उपाध्यक्ष अशरफ अली, जितेंद्र साव, राहुल मालिक, परवेज खान, विश्वदीप दास गुप्ता, दिनेश राही, संजय सिरदार, अभय कुमार, विक्रम सिंह चौहान समेत कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।

खोंगापानी क्षेत्र में राम यादव, राजा पांडे, जगदीश मधुकर, पिंटू भास्कर, गोल्डी, सागर तिवारी, मनोज साहू, अमित राणा दास सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने थाने पहुँचाया। जिले में सैकड़ों कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम स्थल पहुँचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप
कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा, “आदिवासी जमीन पर कब्ज़ा करने वालों को संरक्षण और विरोध करने वालों पर दमन—यह भाजपा सरकार की पहचान बन चुकी है। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता न डरेंगे, न झुकेंगे।”
पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि आदिवासियों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी।
पूर्व नपाध्यक्ष प्रभा पटेल ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा का दोहरा मापदंड जनता के साथ खुला पक्षपात है।
कांग्रेस प्रवक्ता सौरभ मिश्रा ने कहा कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है और गरीबों के घर उजाड़ने के लिए अनाप-शनाप धन खर्च कर रही है।

