एमसीबी/भरतपुर, 28 नवम्बर 2025।
भरतपुर ब्लॉक के चिड़ौला ग्राम स्थित माँ चांग राइस मिल में गुरुवार को अनुविभागीय अधिकारी (रा.) भरतपुर शशि शेखर मिश्रा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार कुंवारपुर महेंद्र साहू, खाद्य निरीक्षक प्रवीण मिश्रा एवं खाद्य तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिल संचालन से जुड़ी कई गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं, जिसके बाद प्रशासन ने राइस मिल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।




❖ अनिवार्य पंजी पुस्तिकाएँ नहीं, स्टॉक में 2574 बोरा धान कम

निरीक्षण में यह तथ्य उजागर हुआ कि मिल संचालक द्वारा खरीद, परिवहन, प्रोसेसिंग और भंडारण हेतु आवश्यक पंजी पुस्तिकाएँ संधारित ही नहीं की गई थीं।
भौतिक सत्यापन के दौरान 2574 बोरा धान कम पाया गया, जो बड़े स्तर पर संभावित हेराफेरी का संकेत माना गया। प्रशासन ने इसे अत्यंत गंभीर अनियमितता बताया।




❖ श्रमिक सुरक्षा और कानूनों का पालन शून्य

निरीक्षण में श्रमिकों का न तो पंजीयन पाया गया और न ही किसी प्रकार का बीमा या सुरक्षा कवरेज।
मिल में न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन नहीं हो रहा था तथा श्रमिकों के लिए आवश्यक मास्क, ग्लव्स, सेफ्टी किट जैसी बुनियादी सुविधाएँ भी उपलब्ध नहीं मिलीं।
अधिकारियों ने इसे श्रमिक अधिकारों और सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही बताया।




❖ पर्यावरणीय नियमों का खुला उल्लंघन

एयर एंड वाटर पॉल्यूशन NOC की शर्तों के अनुसार मिल परिसर में

धूल नियंत्रण हेतु स्प्रिंकलर सिस्टम,

वृक्षारोपण,

अपशिष्ट जल प्रबंधन,

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट


जैसी कोई भी व्यवस्था नहीं पाई गई।
साथ ही, भू-जल दोहन के लिए सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड की अनुमति भी नहीं ली गई थी, जो पर्यावरणीय कानूनों का प्रत्यक्ष उल्लंघन है।




❖ मिल सील, आगे होगी विस्तृत जांच

सभी गंभीर अनियमितताओं को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन ने माँ चांग राइस मिल को तुरंत सील कर दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की यह कार्रवाई क्षेत्र में पारदर्शिता, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और श्रमिक हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Spread the love