
मनेंद्रगढ़ में तंबाकू विक्रय पर बड़ी कार्रवाई
एमसीबी/27 नवंबर 2025। जिले में तंबाकू नियंत्रण और जन स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रशासन ने बुधवार को व्यापक कार्रवाई की। कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग मनेंद्रगढ़ तथा खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व तहसीलदार सुश्री श्रुति धुर्वे द्वारा किया गया
स्कूलों के पास तंबाकू बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद मिली अनियमितताएँ
टीम ने सबसे पहले मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के खालसा स्कूल, सरस्वती विकास विद्यालय एवं आत्मानंद स्कूल के 100 गज दायरे में स्थित किराना दुकानों, चाय ठेलों और साप्ताहिक बाजारों का निरीक्षण किया।
विद्यालय परिसर के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद कई दुकानों में अवैध विक्रय पाया गया। टीम ने मौके पर ही चालानी कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी कि दोबारा उल्लंघन पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर के प्रमुख चौराहों पर भी की गई जांच
शैक्षणिक संस्थानों के बाद टीम ने पीडब्ल्यूडी तिराहा, विवेकानंद चौक तथा एनएच-43 स्थित हसदेव इन होटल के आसपास दुकानों की जांच की।
कुल 22 दुकानों के निरीक्षण में 16 दुकानों द्वारा कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 एवं 6 का उल्लंघन पाए जाने पर 14,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दुकानदारों को दिए कड़े निर्देश
टीम ने सभी दुकानदारों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों में निम्न अनिवार्य बोर्ड प्रदर्शित करें—
“धूम्रपान निषेध क्षेत्र — यहां धूम्रपान करना अपराध है”
“18 वर्ष से कम आयु वाले को तंबाकू उत्पाद बेचना दंडनीय अपराध है”
तंबाकू नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा
अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू उत्पादों का सेवन और विक्रय न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि कानून के तहत यह दंडनीय भी है।
प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि जिले में तंबाकू नियंत्रण प्रभावी रूप से लागू किया जा सके और विद्यालय क्षेत्रों को पूरी तरह तंबाकू मुक्त बनाया जा सके।
अभियान में शामिल अधिकारी
संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार सुश्री श्रुति धुर्वे, कोटपा नोडल अधिकारी डॉ. कीर्ति चौहान, खाद्य एवं औषधि प्रशासन से औषधि निरीक्षक सुश्री लक्ष्मी रजक, विकास लकड़ा एवं आलोक मिंज सक्रिय रूप से शामिल रहे।
