रेल प्रशासन का यात्रियों की सुविधा की दिशा में एक और सराहनीय कदम

बिलासपुर, 29 अक्टूबर 2025।
यात्रियों की सुविधा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी श्रृंखला में आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन में “रैपिडो (Rapido)” राइड हेलिंग सेवा का शुभारंभ किया गया। इस सेवा का उद्घाटन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह की उपस्थिति में एक महिला यात्री द्वारा किया गया।
रैपिडो सेवा शुरू होने से अब यात्रियों को स्टेशन से बिलासपुर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों तक पहुँचने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। अब यात्रियों को स्टेशन के बाहर परिवहन साधन खोजने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि वे अपने मोबाइल एप के माध्यम से रैपिडो सेवा बुक कर सीधे अपने गंतव्य तक पहुँच सकेंगे।
यह पहल यात्रियों को समय की बचत, सुरक्षित यात्रा, और किफायती परिवहन का लाभ प्रदान करेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि,
“रेल प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि यात्रियों को आधुनिक, तेज़ और सुविधाजनक परिवहन विकल्प उपलब्ध कराए जाएँ। रैपिडो सुविधा से स्टेशन से शहर के विभिन्न हिस्सों तक निर्बाध आवागमन संभव होगा।”
रेल प्रशासन को विश्वास है कि यह पहल यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा प्रदान करने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी और यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि करेगी।
रेल प्रशासन द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में नया अध्याय जोड़ता है, बल्कि यात्रियों की “सुविधा ही सेवा” की भावना को भी साकार करता है।
