स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से रेल मंत्रालय ने जारी की अधिसूचना, जल्द मिलेगा प्रभावितों को मुआवजा

रायपुर, 6 सितंबर 2025।
जिले की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से चिरमिरी नागपुर रोड हॉल्ट रेल परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। रेल मंत्रालय ने दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद अधिसूचना जारी कर दी है।

इस अधिसूचना के तहत 17 किलोमीटर लंबे रेल प्रोजेक्ट के लिए 36.392 हेक्टेयर क्षेत्रफल की कुल 198 भूमि खंडों का अधिग्रहण किया गया है। अब जल्द ही प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा वितरण का कार्य प्रारंभ होगा।

केंद्रीय सरकार ने सक्षम प्राधिकारी की रिपोर्ट पर सहमति देते हुए अधिग्रहण को अंतिम रूप प्रदान कर दिया है। इसके साथ ही भूमि अब भारत सरकार (रेल मंत्रालय) के नाम दर्ज होगी और परियोजना कार्यों के लिए उपयोग में लाई जाएगी।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, यह परियोजना वर्ष 2018-19 में स्वीकृत की गई थी। भूमि अर्जन की प्रक्रिया में कुल 32 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 5 आपत्तियां सही पाई गईं। शेष आपत्तियों का निराकरण कर सक्षम प्राधिकारी ने रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी, जिसके बाद अंतिम अधिसूचना जारी हुई।

Spread the love