शतरंज की बिसात पर खिलाड़ियों ने दिखाए जौहर, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में हसनैन प्रथम व श्रेयांश रहे दूसरे स्थान पर

चिरमिरी, एम सी बी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के चिरमिरी में पहली बार संभाग स्तरीय रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हल्दीबाड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में किया गया। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न जिलों से आए 94 प्रतिभागियों ने अपनी चालों से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र में शतरंज को बढ़ावा देना और नई प्रतिभाओं को मंच देना है।
महिला, पुरुष और बच्चों के विभिन्न आयु वर्गों में हुए रोमांचक मुकाबलों के बाद 7 राउंड के अंत में मोहम्मद हसनैन अली पहले और श्रेयांश मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता अंतर्राष्ट्रीय नियमों के तहत विशेषज्ञ आर्बिटरों के मार्गदर्शन में आयोजित की गई थी, जिसे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों की भरपूर सराहना मिली। आयोजन समिति ने बताया कि इस सफल प्रतियोगिता के बाद भविष्य में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। प्रतियोगिता के आयोजन में चिरमिरी शतरंज संघ के अध्यक्ष और पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी, सचिव बी. मनियन सहित संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
दिन भर चले इस आयोजन का शुभारंभ सरस्वती व छत्तीसगढ़ महतारी के चित्रों पर माल्यार्पण से हुआ। समापन समारोह में पुरस्कार वितरण किया गया। इस अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि चिरमिरी महापौर रामनरेश राय, डी. के. उपाध्याय और छत्तीसगढ़ शतरंज संघ के सह सचिव सरोज कुमार वैष्णव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की और बधाई दी। आयोजन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
