
कोरिया/मनेन्द्रगढ़। जिला क्रिकेट टीम कोरिया ने शानदार खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। एक रोमांचक ‘करो या मरो’ मुकाबले में कोरिया ने कांकेर की टीम को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के होनहार खिलाड़ियों के इस बेहतरीन प्रदर्शन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और अब मनेन्द्रगढ़ में विजेता टीम के भव्य स्वागत की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं।
कांकेर की पहली पारी 136 पर सिमटी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कांकेर की शुरुआत खराब रही। कोरिया के गेंदबाजों के आगे कांकेर की पूरी टीम पहली पारी में महज 136 रनों पर ढेर हो गई। कांकेर की ओर से आर्यन गुप्ता (41 रन) और काव्य शंकर (37 रन) ही टिक सके। कोरिया के कुश चावड़ा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए, जबकि अथर्व सिंह ने 3 और स्वाभिमान यादव ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी।

आबिद अली का ऑलराउंड प्रदर्शन
जवाब में कोरिया की पहली पारी 125 रनों पर समाप्त हुई। ऑलराउंडर आबिद अली ने संकट के समय 68 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को संभाला। अभिनय ने 26 और अथर्व सिंह ने 18 रनों का योगदान दिया।
दूसरी पारी: अथर्व सिंह की घातक गेंदबाजी
दूसरी पारी में कोरिया के गेंदबाजों ने फिर कहर बरपाया। अथर्व सिंह ने अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट अपने नाम किए। स्वाभिमान यादव के 3 विकेटों की मदद से कांकेर की दूसरी पारी मात्र 98 रनों पर सिमट गई, जिससे कोरिया को जीत के लिए 110 रनों का लक्ष्य मिला।
लगन से लक्ष्य का पीछा और शानदार जीत
110 रनों के लक्ष्य को कोरिया की टीम ने संयम से बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आबिद अली (41 रन नाबाद), कुश चावड़ा (29 रन) और अमन विश्वकर्मा (25 रन नाबाद) ने टीम को 6 विकेट से बड़ी जीत दिलाई।
मनेन्द्रगढ़ में जश्न का माहौल,,विजेता टीम के स्वागत की तैयारी
विजेता खिताब से अब टीम महज दो कदम दूर है। कोच किशन केवट और मैनेजर शारदा मरावी सहित जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को इस ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
