
मनेंद्रगढ़ | एमसीबी जिले के शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता का एक बड़ा मामला सामने आया है। मनेंद्रगढ़ विकासखंड के प्राथमिक शाला ‘बाला’ में पदस्थ दो शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पढ़ाने पहुंच गए। प्रशासन की मुस्तैदी से मामले का खुलासा हुआ और मेडिकल जांच में दोनों शिक्षकों के शराब पीने की पुष्टि हो गई है।
औचक निरीक्षण में खुली पोल
कलेक्टर के मौखिक निर्देश पर मंगलवार को सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) मनेंद्रगढ़ ने केल्हारी तहसील अंतर्गत स्थित प्राथमिक शाला बाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में पदस्थ प्रधान पाठक पारसराम वर्मा और सहायक शिक्षक महेलाल सिंह की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। दोनों के व्यवहार में असामान्यता और नशे के लक्षण दिखने पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
स्वीकारी शराब पीने की बात
निरीक्षण दल ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर दोनों शिक्षकों के बयान दर्ज किए। हैरानी की बात यह है कि शिक्षकों ने न केवल शराब पीने की बात स्वीकार की, बल्कि यह भी बताया कि वे नियमित रूप से सुबह और शाम शराब का सेवन करते हैं।
मेडिकल रिपोर्ट में पुष्टि
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस की मदद से दोनों शिक्षकों को सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ ले जाकर उनका मुलाहिजा (चिकित्सकीय परीक्षण) कराया। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट में भी शराब सेवन की
आधिकारिक पुष्टि हुई है।
कलेक्टर को सौंपी गई रिपोर्ट, जल्द होगी कार्रवाई
जांच दल ने निरीक्षण रिपोर्ट, शिक्षकों के बयान, पंचनामा और मेडिकल रिपोर्ट की मूल प्रतियां कलेक्टर को सौंप दी हैं। शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, सरकारी नियमों के उल्लंघन और शिक्षण संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में दोनों शिक्षकों पर निलंबन सहित सख्त विभागीय
कार्रवाई की गाज गिरना तय माना जा रहा है।
“शिक्षा के मंदिर में इस तरह की अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।”
