राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती


स्टंट करने वालों पर चालानी कार्रवाई, नियम पालन की अपील


कोरिया।छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर जिले में 1 जनवरी से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, सीमित गति में वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक कोरिया के निर्देश पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 12 जनवरी 2026 को फूलपुर–चरचा नेशनल हाईवे मेन रोड पर तेज गति से वाहन चलाते हुए स्टंट करते पाए जाने पर यातायात पुलिस ने दो मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। केटीएम पल्सर वाहन चालक निर्भय सिंह निवासी जंगहना पर 9,000 रुपये तथा पल्सर चालक सुरेंद्र कुमार, निवासी खुटहनपारा बैकुंठपुर पर 5,000 रुपये का चालान मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत किया गया।
इसी प्रकार क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में बैठाकर ले जाने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सोनहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन चालक संत कुमार साहू, निवासी कुशमहा, के विरुद्ध परमिट शर्तों के उल्लंघन पर 5,000 रुपये का चालान किया तथा यातायात नियमों का पालन करने की सख्त समझाइश दी।
पुलिस अधीक्षक कोरिया ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर आगे भी इसी तरह जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Spread the love