सूरजपुर।
सड़क सुरक्षा माह के तहत बुधवार, 14 जनवरी 2026 को डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने 70 जरूरतमंद लोगों को हेलमेट वितरित कर यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि अपने और परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है।
डीआईजी व एसएसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में बिना हेलमेट वाहन चलाना, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी शामिल हैं। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि एक क्षण की लापरवाही जीवनभर का दर्द दे सकती है।
हेलमेट वितरण कार्यक्रम सामाजिक संस्था एनजीओ मिशन नेकी के सहयोग से आयोजित किया गया। इस दौरान एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, निरीक्षक राजेन्द्र साहू, यातायात प्रभारी बृजकिशोर पाण्डेय सहित मिशन नेकी के पदाधिकारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Spread the love